दुबई एयर शो के दौरान अचानक जमीन पर आ गिरा तेजस विमान, हादसे में पायलट की मौत,
रिपोर्टर:- नरसिंग बी बोल्लम
दिनांक /23 नवंबर
दुबई एयर शो का माहौल उस समय अचानक भारी और तनावपूर्ण हो गया जब उड़ान प्रदर्शन के दौरान एक विमान नियंत्रण खोकर नीचे गिर गया. यह डिस्प्ले दुनिया भर से आए दर्शकों और रक्षा विशेषज्ञों के लिए रोमांचक क्षण होना था, लेकिन कुछ ही सेकंड में पूरा दृश्य भयावह घटना में बदल गया.
दुबई
एयर शो के दौरान ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. भारत का स्वदेशी हल्का लड़ाकू विमान LCA तेजस अपनी डेमोंस्ट्रेशन फ्लाइट के दौरान अचानक क्रैश हो गया. यह घटना स्थानीय समय के अनुसार दोपहर के 2:10 बजे हुई, जब हजारों दर्शक विमान के करतब देख रहे थे.
विमान हवा में शानदार मोड़ ले रहा था, तभी अचानक उसने नियंत्रण खो दिया. कुछ ही सेकंड में तेजस नीचे झुकता दिखा और सीधा जमीन की ओर बढ़ गया. उसके टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ऊपर काले धुएं का गुबार उठ गया.
सबसे बुरी खबर है कि इस हादसे में पायलट की मौत हो गई है.
दुबई एयर शो दुनिया के प्रमुख एविएशन आयोजनों में से एक है, जहां दुनियाभर की एयरलाइंस और सैन्य उत्पादक अपनी तकनीक दिखाते हैं. इस हादसे से एयर शो की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठे हैं. आयोजन स्थल पर आपातकालीन दल तुरंत सक्रिय हुआ और विमानन अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है.
भारतीय वायुसेना ने पायलट को दी श्रद्धांजलि
भारतीय वायुसेना (IAF) ने बताया कि दुबई एयर शो में एक हवाई प्रदर्शन के दौरान IAF का तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में पायलट की मौत हो गई, जो बेहद दुखद है.
IAF ने कहा है कि वह इस अपूरणीय क्षति पर गहरा शोक व्यक्त करती है और इस कठिन समय में पायलट के परिवार के साथ खड़ी है. वायुसेना ने हादसे के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का गठन करने का फैसला लिया है.
दुबई मीडिया ऑफिस ने क्या कहा?
दुबई मीडिया ऑफिस ने एक्स पर बताया कि शुक्रवार को दुबई एयर शो में उड़ान प्रदर्शन के दौरान भारत का तेजस लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में पायलट की मौत हो गई, जिसे उन्होंने “दुखद” करार दिया.

